पुनहाना अनाज मंडी में गेहूं खरीद के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी : महादेव पटेल

Khoji NCR
2026-04-01 13:51:48

पीने का पानी, शौचालय और साफ सफाई पर विशेष ध्यान खोजी यशोदा, नूंह: नूंह जिले की सभी अनाज मंडियों में रबी की फसल गेहूं की खरीद बुधवार से शुरू हो चुकी है। इसी कड़ी में पुनहाना मार्केट कमेटी के चेय

रमैन महादेव पटेल ने पुनहाना अनाज मंडी का दौरा कर रबी खरीद सत्र 2026-27 के तहत गेहूं खरीद की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में आ रहे किसानों से बातचीत करते हुए ट्रेक्टरों के रजिस्ट्रेशन नंबर सहित मंडी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद मार्केट कमेटी के अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि बुधवार से शुरू हुई गेहूं की फसल की खरीद के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं। इस दौरान चेयरमैन महादेव पटेल ने मंडी में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, बारदाना, भंडारण और तुलाई संबंधी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में आने वाले किसानों को निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2585 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से उनकी फसल की खरीद सुनिश्चित की जाए। चेयरमैन महादेव पटेल ने बताया कि उप मंडल नूंह, पुनहाना व पिनगवां में हरियाणा वेयरहाउसिंग एजेंसी द्वारा गेहूं की खरीद की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार पूरी खरीद प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपनी फसल बेचने से पूर्व ‘मेरी फसल मेरा ब्योरा’ पोर्टल पर पंजीकरण अवश्य सुनिश्चित करें तथा गेट पास प्राप्त करने के लिए ई-खरीद मोबाइल ऐप का उपयोग करें। मंडी में प्रवेश के समय वाहन नंबर स्पष्ट रूप से अंकित होना अनिवार्य होगा। चेयरमैन महादेव पटेल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि फर्जी खरीद और बिचौलियों पर सख्ती से रोक लगाई जाए तथा किसानों को उनकी फसल का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में समय पर किया जाए। उन्होंने बताया कि मंडी में जियो-फेंस किया गया है और गेट पास केवल ई-खरीद ऐप के माध्यम से ही जारी किया जाएगा। साथ ही बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया को अनिवार्य रूप से लागू किया गया है, जिससे पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि मंडी के प्रवेश एवं निकासी द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा बायोमेट्रिक मशीनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसान स्वयं या अपने द्वारा नामित व्यक्ति के माध्यम से फसल बेच सकता है, जिसका बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य होगा। चेयरमैन महादेव पटेल ने स्पष्ट किया कि खरीद सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न होती है तो उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य किसानों की फसल की निर्बाध खरीद और समय पर भुगतान सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Comments


Upcoming News